
प्रदीप सिंह , संवाददाता
आगरा। स्वास्थ्य विभाग ने फतेहाबाद के एक हॉस्पिटल पर छापा मारा। वहां मरीज भर्ती थे, लेकिन न तो डॉक्टर थे और न ही नर्सिंग स्टाफ। हॉस्पिटल को दो दिन का नोटिस दिया गया है। नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र लवानियां ने बताया कि बटेश्वर से लौटते समय राधा कृष्ण हॉस्पिटल के बाहर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बहुत भीड़ दिखी। अंदर जाकर देखा तो दो मरीज भर्ती थे। एक मरीज का ऑपरेशन हुआ था। दूसरा मरीज बुखार का था। डॉक्टर के बारे में मरीजों से पूछा गया तो कोई जानकारी नहीं दे पाया। हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ भी नहीं मिला। सिर्फ मरीज और तीमारदार ही मिले। डॉ. लवानियां ने बताया कि हॉस्पिटल के बाहर लगे बोर्ड पर डायरेक्टर का नाम नवाब सिंह लिखा था। नीचे ग्राम प्रधान लिखा है। कई डॉक्टरों के नाम लिखे हैं, लेकिन एक भी डॉक्टर हॉस्पिटल में नहीं मिला। हॉस्पिटल पर नोटिस चिपका दिया गया है। दो दिन का समय जवाब देने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ऐसे हॉस्पिटलों के खिलाफ अभियान चला रहा है, जिनके मानक पूरे नहीं हैं। पिछले साल भी ऐसे ही कई हॉस्पिटलों पर छापा मारा गया था। 11 झोलाछापों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इस साल भी अभियान जारी रहेगा।