
शाम होते ही नशेबाजों की भीड़ लग जाती है, पार्क पर है भूमाफिया की नजर
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी के लोगों ने बी ब्लॉक पार्क में गंदगी और नशेबाजों की समस्या को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि पूरे कॉलोनी का कूड़ा पार्क में फेंका जाता है। इसको लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रांस यमुना कॉलोनी बी ब्लॉक में बाल विहार पार्क है। यहां पर नगर निगम ने डलाब घर बना दिया था। सालों से कूड़ा डाला जा रहा था। ऐसे में पूरे पार्क में गंदगी हो गई। कुछ समय पहले डलाब घर तो बंद हो गया, लेकिन लोग अभी भी कूड़ा पार्क में फेंकते हैं। इससे दिक्कत होती है। नगर निगम की गाड़ी भी यहां पर कूड़ा खाली करती है। कूडे़ की दुर्गंध से लोग परेशान रहते हैं।
शाम होते ही लग जाती है नशेबाजों की भीड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही पार्क में नशे बाजों की भीड़ लग जाती है। कार के बोनट पर रखकर शराब पीते हैं। जब लोग इन्हें टोकते हैं तो गाली-गलौज करने लगते हैं। देर रात तक गांजा और शराब पी जाती है। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश शर्मा, सुधीर जैन, बंटी गुप्ता, सचिन अग्रवाल, सुरेश, भोला चौधरी, कुसुम देवी, कुसुम जैन सहित अन्य लोग थे।
पार्क में कब्जे का आरोप
लोगों का कहना है कि पार्क में कुछ लोग कब्जे का प्रयास भी कर रहे हैं। पहले भी कई बार कब्जे का प्रयास हो चुका है। स्थानीय विधायक धर्मपाल ने एक बार कब्जा रुकवाया था। उस समय तत्कालीन एसडीएम और तहसील के अधिकारियों को मौके पर बुलाया था। उन्होंने बताया था कि पार्क में स्कूल की कुछ जमीन है। इसके अलावा अन्य जमीन नगर निगम की है। कुछ समय पहले नगर निगम बाउंड्री भी करवा रहा था, लेकिन कुछ आसामाजिक तत्वों ने बाउंड्री नहीं होने दी थी।