
यमुना किनारा रोड से एत्मादुद्दौला स्मारक तक जाम
जीवनी मंडी-विजय नगर रोड पर लंबी लाइन
आगरा। 2025 के आगाज के साथ ही शहरवासियों को जाम का झाम झेलना पड़ा। ताजमहल ही नहीं, मंदिरों के पास से गुजरने वाली सड़ कों पर लंबा जाम रहा। इसकी वजह से मिनटों का सफर घंटों में तय हुआ। खाटू श्याम मंदिर की वजह से जीवनी मंडी चौराहा पर भीषण जाम रहा। यहां दोनों साइड वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई थीं। जीवनी मंडी चौराहा से गधापाड़ा तक जाम लग गया। कार-टेंपाे तो दूर दोपहिया वाहन तक नहीं निकल पा रहे थे। हालांकि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने विजय नगर से जीवनी मंडी की ओर आने वाले वाहनों विजय नगर पुलिस चौकी ओर डायवर्ट कर दिया था।
वहीं, यमुना किनारा रोड से एत्मादुद्दौला स्मारक तक जाम रहा। अंबेडकर पुल पर वाहनों फंस गए। टूरिस्ट के साथ-साथ स्थानीय लोगों के वाहन फंसे रहे। हालांकि मालगोदाम की तरफ पुल पर पुलिसकर्मी भी तैनात थे लेकिन वाहन इतने ज्यादा थे कि इन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा था।
एत्मादुद्दौला स्मारक से रामबाग चौराहा वाली रोड पर भी जाम रहा। ट्रैफिक को नियंत्रित करने में पुलिस का पसीना छूट गया। हाथी घाट की तरफ से जीवनी मंडी की ओर जाने वाले रास्ते को पुलिस ने बैरियर लगाकर रोक दिया था। भारी वाहनों के साथ-साथ टेंपों को नहीं जाने दिया जा रहा था। इसके बावजूद जीवनी मंडी चौराहा पूरी तरह से जाम रहा। इसके अलावा एमजी रोड पर रावली पुल, छिपीटोला चौराहा, शाहगंज, सिकंदरा, बेलनगंज, रावतपाड़ा आदि जगहों पर जाम की स्थिति रही।