
आगरा। ताजनगरी फेज-एक स्थित कैब चालक ने पिज्जा खिलाने के बहाने होटल ड्रैजल में ले जाकर किशोरी से रेप किया। करीब तीन घंटे तक किशोरी को धमकी देकर कमरे में बंद रखा। तलाश में जुटे परिजनों को किशोरी ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। शिकायत पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाने के बाद होटल को सील कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को किशोरी का मेडिकल कराया। साथ ही आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी बुधवार शाम चार बजे गायब हो गई। परिजन अपने स्तर से कई घंटे तलाशते रहे। रात 7:45 बजे किशोरी घर पहुंची तो वह बुरी तरह से डरी हुई थी। परिजनों के पूछताछ करने पर किशोरी ने बताया कि एकता चौकी क्षेत्र का रहने वाला कैब चालक सौरव सिंह उसे रास्ते में मिला। पिज्जा खिलाने के बहाने शाम 4:30 बजे ताजनगरी फेज-एक स्थित होटल ड्रैजल में लेकर गया था। वहां पिज्जा पार्टी के बहाने होटल में कमरा लिया। वहां धमकी देकर उससे रेप किया। सौरव सिंह ने उसे तीन घंटे से अधिक बंधक बनाकर रखा। घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद कैब चालक सौरव सिंह उसे कालोनी के पास छोड़कर भाग गया। किशोरी के आपबीती बताने के बाद गुरुवार सुबह किशोरी को ताजगंज थाने लेकर पहुंचे। पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस पीड़िता को लेकर होटल ड्रिजल पहुंची। होटल का रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर सौरव सिंह द्वारा किशोरी को होटल में लेकर आने की पुष्टि हुई। सौरव सिंह ने अपनी आइडी पर कमरा संख्या 203 लिया था। उसने 4:30 बजे होटल में चेक इन और शाम सात बजे चेक आउट किया था। पुलिस ने फोरेंसिक को मौके पर बुलाकर कमर से साक्ष्य लिए। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि होटल ड्रिजल को सील कर दिया गया है। आरोपित सौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।