
सरकार पर बोला हमला, कहा-इस सरकार में गरीबों की नहीं रही सुनवाई
आगरा। बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिन बुधवार को आगरा में भी मनाया गया। बसपाइयों ने ईदगाह के कुतलुपुर मैदान पर कार्यक्रम आयोजित किया। यहां वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही मायावती के शासन की खूबियों को गिनाया। जिलाध्यक्ष विमल वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों की सुनवाई नहीं हो रही। लोगों को सम्मान नहीं मिल रहा। भ्रष्टाचार चरम पर है। किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने वाले पात्रों से रिश्वत मांगी जाती है। थानों में उनकी कोई फरियाद सुनने वाला नहीं है। वक्ताओं ने बसपा सरकार की उपलब्धियों को भी गिनवाया। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में हर समाज और वर्ग का सम्मान था। बसपा नेताओं ने एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर फिर से बसपा का झंडा लहराना होगा। आयोजन स्थल को नीले रंग में रंगा गया। मंच से लेकर पर्दे तक नीले और सफेद रंग के लगाए गए। बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन के अवसर पर गुब्बारे भी नीले रंग के उड़ाए गए। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिन “जनकल्याणकारी दिवस” के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर केक भी काटा गया। कार्यक्रम में बसपा पार्षदों के साथ ही वरिष्ठ बसपा नेता भी थे।
आगरा को दलितों की राजधानी भी कहा जाता है। एक समय यहां बसपा की तूती बोलती थी। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में आगरा की 9 में से 6 सीटों पर बसपा प्रत्याशी चुनाव जीते थे। तब एत्मादपुर, आगरा छावनी, खेरागढ़, ग्रामीण, फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी सीट पर बसपा ने अपना झंडा बुलंद किया था। मगर, 2017 और 2022 के चुनाव में बसपा का यह गढ़ बुरी तरह से ढह गया। पार्टी यहां अपना खाता तक नहीं खोल पाई।